नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
जमशेदपुर। जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में चल रहे ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरजिला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में ड्रग्स, नकद राशि और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर बर्मामाइंस थाना पुलिस ने गांधी नगर बस्ती में छापेमारी की। इस दौरान संतोष सिंह नामक व्यक्ति को 124 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने नेटवर्क का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा।
पुलिस ने इस मामले में कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें संतोष सिंह, उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून, अमित कुमार, गौरव कुमार और संजय गोस्वामी शामिल हैं। इनके पास से कुल 175 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करता था और इसका नेटवर्क जिले के कई थाना क्षेत्रों तक फैला हुआ था।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी संतोष सिंह का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में बर्मामाइंस थाना में कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं, अन्य आरोपियों पर भी एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था। वहीँ गौरव कुमार और संजय गोस्वामी पर भी पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार की जड़ें और कहां तक फैली हुई हैं।