नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) ने छात्रहित में महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए BCECE-2026 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 13 मई 2026 कर दिया गया है।
पर्षद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मौसम की खराबी एवं नेटवर्क संबंधी समस्याओं के कारण दूर-दराज क्षेत्रों के कई अभ्यर्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अभ्यर्थियों से प्राप्त अनुरोधों पर विचार करते हुए यह निर्णय लिया गया है।
BCECE-2026 परीक्षा के माध्यम से बिहार राज्य के सभी सरकारी अभियंत्रण महाविद्यालयों सहित कृषि धारा, फार्मेसी धारा एवं चिकित्सा धारा के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
पर्षद ने जानकारी दी है कि BCECE-2026 परीक्षा का आयोजन 30 मई 2026 एवं 31 मई 2026 को किया जाएगा। अभ्यर्थी परीक्षा से संबंधित योग्यता, अर्हता, आवश्यक दिशा-निर्देश एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट BCECEB Official Website पर उपलब्ध प्रॉस्पेक्टस में प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा विज्ञापन संख्या बी.सी.ई.सी.ई.बीो.(बी.सी.ई.सी.ई.)-2026/01 दिनांक 14 अप्रैल 2026 भी वेबसाइट पर उपलब्ध है, जिसमें ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है।
पर्षद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। पर्षद ने स्पष्ट किया है कि 13 मई 2026 के बाद आवेदन की तिथि में कोई और विस्तार नहीं किया जाएगा।