श्रद्धालुओं की आस्था से भरा देव सूर्य मंदिर, मंदिर विकास कार्यों में खर्च होगी राशि
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। विश्व प्रसिद्ध सूर्य नगरी देव स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था एक बार फिर देखने को मिली। लगभग 44 दिनों के बाद सूर्य मंदिर न्यास समिति द्वारा मंदिर परिसर में स्थापित दान पेटिका खोली गई, जिसमें कुल 9 लाख 63 हजार 745 रुपये की राशि प्राप्त हुई। इतनी बड़ी राशि मिलने के बाद मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
दान पेटिका खोलने की प्रक्रिया मंदिर न्यास समिति की देखरेख में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। इस दौरान सचिव गुड्डु जी, सह सचिव रामचंद्र चौरसिया, योगेंद्र कुमार सिंह एवं सदस्य गंगा भाष्कर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। घंटों चली गिनती के बाद दान राशि का अंतिम आंकड़ा सामने आया।
मंदिर न्यास समिति की ओर से बताया गया कि प्रारंभिक गणना के दौरान राशि जोड़ने में तकनीकी त्रुटि हो गई थी। 20×7843 के स्थान पर गलती से 20×4843 अंकित कर दिया गया था। बाद में पुनः मिलान कर सही आंकड़ा जारी किया गया। समिति ने स्पष्ट किया कि अंतिम रूप से कुल 9,63,745 रुपये प्राप्त हुए हैं।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि दान में प्राप्त राशि का उपयोग मंदिर के विकास, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार तथा धार्मिक आयोजनों में किया जाएगा। समिति ने कहा कि देव सूर्य मंदिर में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और उनकी सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है।
सूर्य मंदिर न्यास समिति ने सभी दानदाताओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और सहयोग से ही मंदिर विकास के कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। समिति ने भविष्य में भी मंदिर परिसर में सुविधाओं के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण को लेकर कई योजनाओं पर काम करने की बात कही।