नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। डी. ए. वी. पब्लिक स्कूल, दयानंद विहार में शिक्षकों की कार्यक्षमता के विकास एवं नवीन शिक्षण विधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से दो दिवसीय शिक्षणक्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला 16 एवं 17 मई 2026 को संपन्न हुई।
कार्यशाला का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुसार यज्ञ-हवन एवं गायत्री मंत्रोच्चार के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन डीएवी पब्लिक स्कूल्स बिहार प्रक्षेत्र-एफ के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी वी. के. पाठक के निर्देशन में हुआ। वहीं प्रक्षेत्र-एफ के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों विनय कुमार गुप्ता (नबीनगर), राजीव रंजन (दाउदनगर), संतन कुमार ( रफीगंज),बअल्पना मिश्रा (दानी बिगहा), कुमारी प्रिया (तेंदुनी बिक्रमगंज), प्रमिला सिंह (सेमरा बिक्रमगंज) के मार्गदर्शन में इसका संचालन किया गया।
विद्यालय के वरीय शिक्षक महेश कुमार सिंह ने उपस्थित प्राचार्यों, प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों का सामूहिक स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में शिक्षकों को अपने दायित्वों के प्रति समर्पित रहने तथा कार्यशाला में अर्जित ज्ञान को विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई नई शिक्षण पद्धतियों को कक्षा शिक्षण में अपनाकर विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को और अधिक विकसित किया जा सकता है।
कार्यशाला में डी. ए.वी. कॉलेज प्रबंधकर्तृ समिति, नई दिल्ली एवं सी.बी.एस.ई. के द्वारा प्रशिक्षित विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों से संबंधित गतिविधियों एवं शिक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर औरंगाबाद प्रक्षेत्र के सभी डीएवी विद्यालयों के लगभग 300 शिक्षकों ने भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला के समापन अवसर पर सभी शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे प्रशिक्षण में सीखी गई विधियों एवं अनुभवों का अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी क्रियान्वयन करेंगे। अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। शांति पाठ के साथ कार्यशाला का सफल समापन हुआ।