नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पतरातू (रामगढ़)। पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत कटिया मार्केट क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार सहगल ने किया।

इस अवसर पर सीजीएम (प्रोजेक्ट) अनुपम मुखर्जी, जीएम (ओ एंड एम) मनीष खेतरपाल तथा एचओएचआर जियाउर रहमान सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के दौरान कटिया मार्केट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। साथ ही आम लोगों के उपयोग के लिए विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन वितरित एवं स्थापित किए गए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने को लेकर जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय दुकानदारों एवं आम लोगों को कचरा प्रबंधन, सूखा एवं गीला कचरा अलग रखने तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अपने आसपास के वातावरण को साफ एवं स्वस्थ बनाए रखने में सहयोग करें।

इस मौके पर श्री सहगल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।