नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गुमला। जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा चलाए जा रहे जनजातीय गरिमा उत्सव जनभागीदारी अभियान “सबसे दूर – सबसे पहले ” कार्यक्रम का निरीक्षण करने उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो जिले के तेतपरिया गांव पहुंचे। इस दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए गांव में संचालित विकास योजनाओं एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल एवं बिजली की समस्या प्रमुख रूप से रखी। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पेयजल समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया। जिन घरों तक अब तक नल-जल कनेक्शन नहीं पहुंचा है, वहां शीघ्र टैप वाटर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिन लोगों का आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बना है, उनकी समस्याओं का समाधान कर शीघ्र कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही गांव में विशेष आयुष्मान कैंप एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।