नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। रोहतास जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। ताजा घटनाक्रम में जिले के सासाराम अंचलाधिकारी (सीओ) को भी निगरानी विभाग की टीम ने कथित भ्रष्टाचार के आरोप में हिरासत में ले लिया है। कार्रवाई की खबर सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, निगरानी विभाग पिछले कई दिनों से संबंधित अधिकारी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए था। जैसे ही शिकायत की पुष्टि हुई, टीम ने कार्रवाई करते हुए अधिकारी को पकड़ लिया। हालांकि आधिकारिक रूप से अभी और विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन जिले में इस कार्रवाई की चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि रोहतास जिले के कई अंचलों में भ्रष्टाचार को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जमीन संबंधी मामलों, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, प्रमाण पत्र एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों में अवैध वसूली के आरोप लंबे समय से उठते रहे हैं। आम लोगों का कहना है कि बिना पैसे के कई कार्यालयों में काम कराना मुश्किल हो गया है।
निगरानी विभाग की लगातार कार्रवाई से यह साफ संकेत मिल रहा है कि भ्रष्ट अधिकारियों पर अब शिकंजा कसना शुरू हो गया है। सूत्रों की मानें तो जिले के कई अन्य अधिकारी भी निगरानी विभाग के रडार पर हैं और आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
जिले में एक के बाद एक हो रही निगरानी की कार्रवाई से सरकारी महकमे में भय और बेचैनी का माहौल देखा जा रहा है, वहीं आम लोगों में उम्मीद जगी है कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में यह अभियान असरदार साबित होगा।