प्रवेश-निकास, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को एसडीएम धनराज कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मसौढ़ी के ऐतिहासिक श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम के साथ बीडीओ प्रभाकर कुमार एवं कार्यपालक दंडाधिकारी धर्मवीर कुमार भी मौजूद रहे। प्रशासनिक टीम ने मंदिर परिसर का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन, प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की।
बताया जाता है कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दौरान ऐतिहासिक ठाकुरबाड़ी मंदिर में हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ को व्यवस्थित रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है।
एसडीएम ने मंदिर कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ बैठक कर पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस मौके पर श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर की कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।