नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद के रामकनाली ओपी क्षेत्र के केसलपुर में गुरुवार की देर शाम मारपीट के बाद कथित बमबाजी की घटना से इलाके में तनाव फैल गया। घटना में रोहित मोदक और राम महतो घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीण रामकनाली ओपी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटनास्थल से बम के अवशेष मिलने की बात भी सामने आई है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, केसलपुर स्थित हनुमान मंदिर के समीप हथियारों से लैस दर्जनों लोग रोहित मोदक की पिटाई कर रहे थे।
इसकी जानकारी मिलने पर रोहित के दोस्त और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। भीड़ जुटती देख आरोपितों ने कथित तौर पर बमबाजी शुरू कर दी और वहां से भागने लगे। इस दौरान बम की चपेट में आने से रोहित मोदक और राम महतो घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और तस्करी का विरोध करने तथा इसे रोकने की कोशिश के कारण रोहित मोदक के साथ मारपीट की गई।
इसके बाद बमबाजी की घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि पूर्व मुखिया और वर्तमान मुखिया के बीच किसी बात को लेकर विवाद था, जिसके कारण ऐसी स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि पुलिस को बम और गोली चलने की जानकारी नहीं है। अब तक दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत भी नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।