नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। मंगलवार सुबह गांधी घाट पर गंगा नदी में नहाने गए तीन किशोर समेत चार लोग डूब गए। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में कदमकुआं निवासी 35 वर्षीय चंदन कुमार, कंकड़बाग आरएमएस कॉलोनी के 15 वर्षीय अमित और समर शामिल हैं। वहीं 17 वर्षीय जॉय की तलाश अब भी जारी है। बताया जा रहा है कि अमित और जॉय चचेरे भाई हैं।
घटना पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित गांधी घाट की है, जहां सभी युवक सुबह स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवकों को बचाने के प्रयास में चंदन कुमार भी नदी में कूद पड़े, लेकिन वह भी तेज धारा में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीन शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि जॉय की तलाश जारी है।
थानाध्यक्ष ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटना के बाद मृतक अमित के पिता रंजीत कुमार बेसुध हो गए। घाट पर स्वजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।