लव कुमार सिंह को पुनः प्रखंड अध्यक्ष बनाने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
नबीनगर (औरंगाबाद)। प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सोखा बाबा परिसर में जन सुराज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती, आगामी रणनीति तथा नबीनगर प्रखंड अध्यक्ष पद को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।

बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में की गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मगध प्रभारी नंदकिशोर सिंह यादव, जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा, काराकाट लोकसभा प्रभारी प्रदीप सिंह चंद्रवंशी, महिला जिला अध्यक्ष अर्चना चंद्र यादव, किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रामाधार सिंह, ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सतेंद्र यादव, अनुमंडल के पूर्व महासचिव सुजीत सिंह, नबीनगर विधानसभा के पूर्व प्रभारी दिवाकर सिंह चंद्रवंशी, किसान प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष अविनाश मिश्रा तथा नबीनगर प्रखंड उपाध्यक्ष अशोक सिंह चंद्रवंशी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त पूर्व प्रमुख रंजन सिंह, सतीश कुमार, रौशन कुमार, नारायण सिंह, मुन्ना कुमार, निखिल कुमार सहित बड़ी संख्या में जन सुराज परिवार के कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लिया। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने तथा क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि संगठन को मजबूत दिशा देने के लिए लव कुमार सिंह को पुनः नबीनगर प्रखंड अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। उपस्थित सदस्यों ने उनके पूर्व कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिली तथा कार्यकर्ताओं को सम्मान मिला।
इसके बाद बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर लव कुमार सिंह को दोबारा नबीनगर प्रखंड अध्यक्ष बनाए जाने की मांग संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। प्रस्ताव पारित होते ही उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जोरदार समर्थन जताया।
बैठक का आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। अंत में संगठन की एकजुटता बनाए रखने एवं क्षेत्र में जनसुराज की विचारधारा को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।