जेईई एडवांस 2026 में लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, तीन छात्रों ने बढ़ाया औरंगाबाद का मान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का परिचय देते हुए जेईई एडवांस 2026 में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विद्यालय के तीन मेधावी छात्रों ने शानदार रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे औरंगाबाद जिले को गौरवान्वित किया है।

इस वर्ष विद्यालय के छात्र समीर रंजन, पिता बैजनाथ प्रसाद एवं माता मीना देवी, निवासी दानी बिगहा, औरंगाबाद, ने ऑल इंडिया रैंक 2497 प्राप्त कर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। वहीं अंकित कुमार, पिता अमरेंद्र कुमार एवं माता ज्ञान्ती देवी, निवासी पुलिस लाइन, कर्मा रोड, औरंगाबाद, ने ऑल इंडिया रैंक 5200 प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही रौशन राज, पिता विजय यादव एवं माता देवरानी कुमारी, निवासी सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद, ने ऑल इंडिया रैंक 5997 हासिल कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ दिया।
इस शानदार सफलता पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. धनंजय कुमार ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल हमेशा से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करता रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जेईई एडवांस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना असाधारण मेहनत, धैर्य और समर्पण की मांग करता है। उन्होंने कहा कि इन छात्रों ने अपनी लगन और निरंतर प्रयास से यह साबित कर दिया है कि सही दिशा में किया गया परिश्रम अवश्य सफलता दिलाता है।
गौरतलब है कि लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल पिछले दो दशकों से आईआईटी, मेडिकल एवं अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार उत्कृष्ट परिणाम देता आ रहा है। जेईई एडवांस 2026 की यह सफलता विद्यालय की उसी गौरवशाली परंपरा का विस्तार है, जिसने इसे क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में विशिष्ट पहचान दिलाई है।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की है कि वे देश के प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।