नवबिहार टाइम्स संवाददाता
शेरघाटी (ग्रामीण)। बांके बाजार प्रखंड के डुमरामा गांव के एक नवविवाहित युवक की दिल्ली में निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई। शादी के एक माह के भीतर हुई इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान डुमरामा गांव निवासी सुनील कुमार (पिता विजय चौधरी) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सुनील की शादी 4 मई 2026 को सीता कुमारी के साथ हुई थी। विवाह के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं।
जानकारी के अनुसार, शादी के लगभग 15 दिन बाद सुनील रोजगार की तलाश में गांव के एक ठेकेदार के साथ दिल्ली चला गया था। वहां वह एक निर्माणाधीन सात मंजिला इमारत में मजदूरी का काम कर रहा था। बताया जाता है कि 31 मई को काम के दौरान वह ऊपरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को शव गांव पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही डुमरामा में मातम छा गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। नवविवाहिता पत्नी सीता कुमारी पति की मौत के सदमे में बार-बार बेहोश हो रही है, जबकि माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के पिता विजय चौधरी ने बताया कि सुनील परिवार का मुख्य सहारा था और घर की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए दिल्ली गया था। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
इस हृदयविदारक घटना से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।