ग्रामीणों ने डेहरी-नौहाट्टा मुख्य मार्ग किया जाम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम/तिलौथू। तिलौथू प्रखंड के चितौली गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर डेहरी-नौहाट्टा एनएच-119 मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही अमझोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। प्रारंभ में ग्रामीण जाम हटाने को तैयार नहीं हुए, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के काफी प्रयास के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।
अमझोर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार पिकअप तिलौथू की ओर से आ रहा था। वाहन ने चितौली गांव के समीप किशोर को कुचल दिया और चालक वाहन लेकर रोहतास की ओर फरार हो गया। हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान आर्यन कुमार (10 वर्ष), पिता मुन्ना साव, निवासी चितौली गांव, थाना अमझोर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित चालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।