फॉरवर्ड बेंड स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन कर लहराया तिरंगा, विश्व मंच पर बढ़ाया भारत और बिहार का गौरव
शशि तुलस्यान
मसौढ़ी। मसौढ़ी के युवा योग खिलाड़ी दिलीप कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रथम वर्ल्ड योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश, राज्य और अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दिलीप ने फॉरवर्ड बेंड स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया और विश्व मंच पर भारतीय तिरंगे को गौरवान्वित किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 4 से 8 जून तक अहमदाबाद के ट्रांसस्टेडिया परिसर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में 40 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां विभिन्न श्रेणियों में योगासन की प्रतिभाओं का प्रदर्शन हुआ। दुनिया भर के खिलाड़ियों के बीच दिलीप कुमार ने अपनी तकनीकी दक्षता, संतुलन और अनुशासन का शानदार परिचय देते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
जानकारी के अनुसार, बिहार से इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कुल पांच खिलाड़ियों का चयन किया गया था। भारतीय राष्ट्रीय योगासन टीम के चयन हेतु आधिकारिक ट्रायल 1 और 2 मई 2026 को भारतीय खेल प्राधिकरण, सोनीपत (हरियाणा) में आयोजित किए गए थे। इसमें खिलाड़ियों ने पारंपरिक, कलात्मक, लयबद्ध और एथलेटिक योगासन श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा कर अपनी योग्यता सिद्ध की थी। इन्हीं चयन प्रक्रियाओं के बाद दिलीप कुमार को भारतीय टीम में जगह मिली थी।
दिलीप की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से मसौढ़ी सहित पूरे बिहार में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है। शिक्षाविद राहुल चंद्रा, रमाकांत रंजन किशोर, आचार्य विश्वरंजन, अतुल अवस्थी, पूर्व मुख्य पार्षद पंकज कुमार सिंह, वार्ड पार्षद उज्जवल कुमार, अश्विनी गोल्डी, आशीष देव, डॉ. सुधीर कुमार सिंह, मुख्य पार्षद पिंकी देवी, शंभू सिंह, डॉ. राम जयपाल, डॉ. मंगल, दीपक शर्मा और नवल भारती सहित अनेक गणमान्य लोगों ने दिलीप को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि दिलीप कुमार की सफलता बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। योगासन जैसे भारतीय पारंपरिक खेल को वैश्विक पहचान दिलाने में ऐसे खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि मेहनत, समर्पण और निरंतर अभ्यास के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
स्थानीय खेल प्रेमियों ने कहा कि दिलीप की जीत केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे बिहार और देश के लिए गर्व का विषय है। इससे राज्य के अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में आगामी 8 जून को विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें दिलीप कुमार सहित पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि भविष्य में भी दिलीप इसी तरह देश का नाम रोशन करते रहेंगे और योगासन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगे।