विद्यार्थियों ने लगाए फलदार एवं छायादार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लालकुमारी बाल युवा उत्थान फाउंडेशन के तत्वावधान में हरिओम कॉमर्स क्लासेस में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगभग एक दर्जन फलदार एवं छायादार पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराना था। वृक्षारोपण के दौरान विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल और संरक्षण की शपथ लेते हुए पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर संस्था के निदेशक प्रो. अनिल कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संकट पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। लगातार बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और हरित क्षेत्रों में कमी के कारण मानव जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, माता-पिता की वैवाहिक वर्षगांठ तथा अन्य शुभ अवसरों पर पौधे लगाएं और अपने परिवार व समाज के लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करें।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ कॉमर्स के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मयंक राय ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता और उसकी वर्तमान प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित और संतुलित बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को वाणिज्य शिक्षा के महत्व से भी अवगत कराया और बताया कि बदलते आर्थिक एवं व्यवसायिक परिवेश में कॉमर्स विषय रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर प्रदान कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रियम सिंह, अनामिका कुमारी, श्वेता सिंह, पायल कुमारी, साक्षी कुमारी, जिज्ञासा सिंह, सिया सिंह, वर्षा सिंह, रानी तिवारी, इशिता कुमारी, सुप्रिया कुमारी, आशंका कुमारी, रिमझिम कुमारी, अविनाश, अभिजीत बबुआन, साहिल राज, संजीव, निश्चय, यश प्रताप सिंह, सौरभ, शुभम कुमार, सूरज, आर्यन एवं हर्ष कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ वातावरण के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित विद्यार्थियों ने भविष्य में भी नियमित रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।