नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कौआकोल। प्रखंड के सोखोदेवरा पंचायत अंतर्गत पावापुरी गोवरैया गांव निवासी मसुदन मांझी की विद्युत स्पर्शाघात से हुई असामयिक मृत्यु के बाद प्रशासन ने उनके परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की है। शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में मृतक की पत्नी अनिशा देवी को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक सौंपा।
इस अवसर पर बीडीओ ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि परिवार को अन्य पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।
गौरतलब है कि पावापुरी गोवरैया गांव निवासी गांगलु मांझी के 32 वर्षीय पुत्र मसुदन मांझी की शुक्रवार को करंट लगने से मौत हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद परिवार पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा था। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत सहायता राशि उपलब्ध कराई, जिससे परिजनों को कुछ राहत मिल सके।
मौके पर समाजसेवी योगी त्यागनाथ, प्रखंड नाजिर गोपाल कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत मसुदन मांझी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।