नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। गोह थाना क्षेत्र में दधपी गांव के समीप एनएच-120 पर रविवार दोपहर कार और ट्रैक्टर की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के हिच्छन बिगहा निवासी ममता कुमारी, उनकी पुत्री चुलबुल कुमारी तथा उपहारा थाना क्षेत्र के डंडवां गांव निवासी खुशी कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायलों में मुस्कान कुमारी, समर कुमार और संगीता देवी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार सभी लोग अरवल जिले में आयोजित मधुश्रवा मलमास मेला से कार से अपने घर लौट रहे थे।
सूचना मिलते ही गोह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।