डीएम की बड़ी कार्रवाई, अवैध जमाबंदी और फर्जी रसीद निर्गत करने का आरोप हुआ प्रमाणित
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना जिलाधिकारी ने राजस्व प्रशासन में अनियमितता और भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुनपुन अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी मधेश राम को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। उन पर फर्जी लगान रसीद के आधार पर अवैध रूप से जमाबंदी कायम करने और भू-धारियों को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप जांच में प्रमाणित हुआ है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार मधेश राम ने मसौढ़ी अंचल में पदस्थापना के दौरान अपने पद का दुरुपयोग करते हुए नियमों की अनदेखी कर फर्जी लगान रसीदें निर्गत कीं। जांच में यह तथ्य सामने आया कि वर्ष 2019-20 में ऐसे व्यक्तियों के नाम से लगान रसीदें काटी गईं, जिनके नाम उस समय किसी प्रकार की वैध जमाबंदी मौजूद नहीं थी। बाद में वर्ष 2021-22 में विभिन्न दाखिल-खारिज वादों के माध्यम से जमाबंदी कायम की गई।
प्रशासनिक जांच में पाया गया कि पहले फर्जी रसीदें जारी की गईं और बाद में उसी आधार पर जमाबंदी कायम कर भूमि स्वामित्व प्रमाण-पत्र (एलपीसी) निर्गत करने की अनुशंसा की गई। इसे राजस्व नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया है।
अनुमंडल पदाधिकारी, मसौढ़ी द्वारा आरोप पत्र गठित कर भेजे जाने के बाद जिलाधिकारी ने मामले की विभागीय जांच कराई। अपर समाहर्ता, पटना को संचालन पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी, मसौढ़ी को प्रस्तोता पदाधिकारी नियुक्त किया गया। जांच के दौरान सभी आरोप प्रमाणित पाए गए।
जिलाधिकारी ने अपने आदेश में कहा कि आरोपी कर्मचारी को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया गया, लेकिन उनका स्पष्टीकरण तथ्यहीन, बनावटी और मनगढ़ंत पाया गया। उनका आचरण बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली के प्रतिकूल है तथा सेवा में बने रहना लोकहित के विरुद्ध है।
इसी आधार पर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत मधेश राम को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही सभी पदाधिकारियों को जनहित के कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।