नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अनीश पंकज मेमोरियल विधि महाविद्यालय परिसर में भाजपा नेताओं ने वृक्षारोपण कर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता, संतोष ठाकुर सहित अन्य लोगों ने माता दुर्गा मंदिर में दर्शन-पूजन किया तथा पौधा लगाकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना की।
डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि यह वृक्षारोपण केवल एक पौधा लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकास कार्यों के प्रति सम्मान एवं श्रद्धा व्यक्त करने का प्रतीकात्मक प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण, पर्यावरण संरक्षण तथा वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित करने की दिशा में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गईं, जिनका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य प्रधानमंत्री ने किया है।
राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता ने कहा कि लगाया गया यह पौधा प्रधानमंत्री के 12 वर्ष के सेवा, सुशासन और विकास के कार्यकाल की स्मृति का जीवंत प्रतीक रहेगा। जिस प्रकार प्रधानमंत्री ने देश के गरीबों और जरूरतमंदों को विकास की छाया प्रदान की है, उसी प्रकार यह वृक्ष भी भविष्य में समाज को छाया, शुद्ध वायु और पर्यावरणीय लाभ प्रदान करेगा।
वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अनमोल उपहार हैं और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियानों से प्रेरणा लेकर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मां दुर्गा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना करते हुए देश को विकास और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ाने की प्रार्थना की।