जिला राजमार्ग सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज समाहरणालय के सभा कक्ष में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह की अध्यक्षता में जिला राजमार्ग सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा सुदृढ़ीकरण, अवैध अतिक्रमण एवं पार्किंग हटाने, दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) के सुधार तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
अपर समाहर्ता द्वारा संबंधित विभागों एवं कार्यपालक अभियंताओं को राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अवैध ढाबों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य अतिक्रमणों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारियों को पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण हटाने हेतु कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में ले-बाय लेन, साइनज, स्पीड लिमिट बोर्ड, रंबल स्ट्रिप सहित अन्य सड़क सुरक्षा उपायों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत 43 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 5.34 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।
साथ ही आईटीएमएस स्थापना, हाईवे सर्विलांस टीम की सक्रियता, ब्लैक स्पॉट सुधार एवं 24×7 एम्बुलेंस, पेट्रोलिंग वाहन तथा रिकवरी क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। बैठक के अंत में सभी संबंधित विभागों को निर्धारित अवधि के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक यातायात एवं संबंधित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।