मुठभेड़ स्थल पहुंचे आईजी जितेंद्र राणा, बोले- पुलिस पर हमला किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुलिस-अपराधी मुठभेड़ मामले की जांच और समीक्षा के लिए शनिवार को पटना प्रक्षेत्र के आईजी जितेंद्र राणा मणिचक स्थित घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
मीडिया से बातचीत में आईजी ने बताया कि पुलिस को युवक रंजन के अपहरण की सूचना मिली थी। अपहृत युवक को सुरक्षित मुक्त कराने के लिए पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची, तब अपराधियों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में दो पुलिस पदाधिकारी घायल हुए, हालांकि दोनों की स्थिति अब सामान्य है।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी को गोली लगी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद हैदर, पिता मोहम्मद मुजफ्फर, निवासी सोनकुकरा, भोजपुर के रूप में हुई है।
आईजी ने बताया कि इस मामले में अब तक सात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस तथा 3.98 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक इतिहास की गहन जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पुलिस पर हमला करने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
आईजी ने मुठभेड़ के दौरान साहस और मुस्तैदी दिखाने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पुरस्कृत करने की घोषणा की। साथ ही स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस की सहायता करने पर उनकी सराहना करते हुए बधाई भी दी।
घटनास्थल निरीक्षण के दौरान आईजी के साथ परिचय कुमार, कमल मीणा, विवेक भारती सहित कई डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।