लोहे की रॉड व लाठी-डंडे से हमला, पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पुनपुन थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव में गोबर फेंकने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बदमाशों ने 60 वर्षीय किसान मुन्द्रिका महतो की लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
मृतक की पत्नी चमेली देवी के बयान पर पुलिस ने गांव के ही दो लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत मुन्द्रिका महतो के शरीर पर गोबर फेंक दिया था। इस बात को लेकर कहासुनी हुई थी और विवाद बढ़ गया था। शनिवार शाम जब मुन्द्रिका महतो खेत से घर लौट रहे थे, तभी प्राथमिक विद्यालय के समीप घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार किए। हमले में किसान का पैर टूट गया तथा सिर पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वे घटनास्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया। पीएमसीएच में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस एवं एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुनपुन थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पत्नी के आवेदन पर गांव के दो लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।