नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के हजारों बैंक ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। दी औरंगाबाद डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, औरंगाबाद द्वारा अपने कोर बैंकिंग सिस्टम (CBS) के अपग्रेडेशन कार्य के चलते 18 जून से 22 जून 2026 तक कई बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
बैंक प्रबंधन की ओर से जारी आम सूचना के अनुसार बैंक के फिनैकल 10.02.25 संस्करण में निर्धारित CBS अपग्रेडेशन प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। बैंक ने बताया कि यह तकनीकी उन्नयन बैंकिंग व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने के साथ-साथ ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
अपग्रेडेशन अवधि के दौरान बैंक मुख्यालय सहित औरंगाबाद, बारुण, नवीनगर, कुटुंबा, देव, मदनपुर, रफीगंज, गोह, हसपुरा, दाउदनगर एवं ओबरा शाखाओं में जमा-निकासी, आरटीजीएस, एनईएफटी, ई-कोर्ट तथा निबंधन कार्यालय से संबंधित बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इससे ग्राहकों को लेन-देन में असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
बैंक प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपग्रेडेशन का कार्य पूरा होते ही 23 जून 2026 से सभी बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएंगी। ग्राहकों से अपील की गई है कि वे आवश्यक बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लें तथा अपग्रेडेशन प्रक्रिया में सहयोग करें।
बैंक अधिकारियों के अनुसार यह तकनीकी उन्नयन भविष्य में ग्राहकों को अधिक तेज, सुरक्षित और बेहतर बैंकिंग अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।