सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नीट परीक्षा के मद्देनजर इस वर्ष कार्यक्रम कॉलेज परिसर के बजाय प्राचार्य आवास पर आयोजित किया गया, जहां योग प्रशिक्षक बद्रीनारायण यादव के मार्गदर्शन में योग सत्र संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का नेतृत्व कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों स्वस्थ एवं संतुलित रहते हैं। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। योग भारत की वह अमूल्य देन है, जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन जीने की राह दिखाई है।
उन्होंने बताया कि कॉलेज में प्रत्येक वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़े।
योगाभ्यास में कॉलेज परिवार के दर्जनों सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित प्रमुख लोगों में प्रभारी डॉ. के. के. सिंह, बर्सर अरविंद कुमार, ओएसडी बहादुर भीम कुमार सिंह, डॉ. संजीव रंजन, डॉ. निहारिका, शशिकांत कुमार, प्रेमशंकर गोंड, मंजीत सिंह, अमित सिंह, चंद्रकांत सिंह सहित अन्य कर्मी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।