नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। थाना क्षेत्र के इस्लामपुर गांव में 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार देर रात नाच देखने गए किशोर का शव मंगलवार तड़के गांव के समीप एक शिशम के पेड़ के नीचे मिला। परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए गांव के आठ लोगों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान अभिषेक कुमार (16) के रूप में हुई है। उसके पिता दिनेश कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 22 जून की शाम उनका पुत्र गांव में आयोजित नाच कार्यक्रम देखने गया था। बाद में वह उसे घर लेकर आए और परिवार के साथ भोजन कर सो गए।
दिनेश कुमार के अनुसार, 23 जून की सुबह करीब तीन बजे जब वह शौच के लिए खेत की ओर जा रहे थे, तब गांव के बाहर शिशम के पेड़ के नीचे बेटे का शव पड़ा देखा। शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण गांव के कुछ लोगों ने पहले भी अभिषेक को धमकी दी थी। शिकायत में कहा गया है कि पूर्व में हुए एक विवाद और मुकदमे के बाद आरोपितों ने किशोर के साथ मारपीट की थी तथा उसे जान से मारने की धमकी दी थी। परिवार का दावा है कि आरोपितों ने उनके इकलौते बेटे को नुकसान पहुंचाने की बात कही थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
मसौढ़ी थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। सभी आरोपों और तथ्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।