करीब एक किलोमीटर तक फैली आग, नगर ब्रांड एंबेसडर और स्थानीय लोगों की मदद से पाया गया काबू
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा प्रखंड के शिवनार स्थित पुराने बाईपास पर नगर परिषद द्वारा डंप किए गए कचरे के ढेर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैले कचरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठने वाले घने धुएं और दुर्गंध के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जहरीले धुएं से शिवनार के हजारों लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने के पीछे असामाजिक तत्वों की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद नगर ब्रांड एंबेसडर छितेंद्र कुमार सिंह और शैलेश कुमार बुल्लू तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने नगर परिषद के कर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू कराया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद जेसीबी की मदद से जलते और प्रभावित कचरे को गड्ढे में डाला गया, ताकि आग दोबारा न फैले। हालांकि, आग से निकले घने धुएं और दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी।
घटना के बाद नगर परिषद की कचरा प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुराने बाईपास पर जमा कचरे का समुचित निस्तारण कराने और खुले में कचरा डंप करने पर रोक लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आबादी के नजदीक इस तरह कचरा जमा रहने से आगजनी और प्रदूषण का खतरा बना रहता है। प्रशासन को स्थायी समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।