नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने की अपील, 24 नवंबर को होगा ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
कौआकोल (नवादा)। आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘सुशासन दिवस : नीतीश संवाद’ कार्यक्रम की सफलता को लेकर मंगलवार को कौआकोल प्रखंड के दरावां स्थित सरस्वती मंदिर परिसर में जदयू की प्रखंड स्तरीय तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड जदयू अध्यक्ष दिलीप कुशवाहा ने की। इसमें बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों के दौरान बिहार में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है।
मंत्री ने कहा कि पंचायत एवं वार्ड स्तर पर आयोजित होने वाली परिचर्चाओं के माध्यम से सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने तथा पंचायत एवं वार्ड स्तर पर होने वाली परिचर्चाओं को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में पंचायत एवं वार्ड स्तरीय ‘सुशासन : नीतीश परिचर्चा’ के आयोजन, कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष राजकिशोर दांगी, प्रदेश सचिव डॉ. सतीश कुशवाहा, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि शंभू महतो, जिला उपाध्यक्ष रामाश्रय सिंह, शिवबालक प्रसाद, ईश्वरी प्रसाद सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।