नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। मसौढ़ी क्रिकेट एसोसिएशन के नए अध्यक्ष के रूप में सुमन कुमार का सर्वसम्मति से चयन किया गया है। मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। उनका चयन दो वर्षों के कार्यकाल के लिए किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संविधान के प्रावधानों के अनुसार अध्यक्ष का कार्यकाल दो वर्ष निर्धारित है। पूर्व अध्यक्ष राधे यादव का कार्यकाल पूरा होने के बाद नए सिरे से अध्यक्ष पद का चुनाव कराया गया, जिसमें सुमन कुमार को सर्वसम्मति से जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर एसोसिएशन से जुड़े मुकुल शर्मा ने बताया कि नए अध्यक्ष के नेतृत्व में मसौढ़ी में क्रिकेट गतिविधियों को और विस्तार देने की योजना है। स्थानीय युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
सुमन कुमार के अध्यक्ष बनने पर स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में मसौढ़ी क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी और क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्राप्त होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामजन्म शर्मा, शुभम कुमार सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।