नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बारूण में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं की बहाली से संबंधित एक वायरल वीडियो एवं प्राप्त शिकायतों के आलोक में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर गठित त्रि-स्तरीय जांच दल द्वारा मामले की विस्तृत जांच कराई गई। जांच दल ने अपने प्रतिवेदन में वीडियो के सूक्ष्म अवलोकन एवं विश्लेषण के आधार पर शिकायतकर्ता एवं संबंधित कर्मी के बीच पैसे के लेन-देन से संबंधित आरोपों को सत्य पाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण)-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जांच दल की अनुशंसाओं पर जिला स्वास्थ्य समिति, औरंगाबाद से भी मंतव्य प्राप्त किया गया। जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रतिवेदन में संबंधित कर्मी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई।
जांच प्रतिवेदन, जिला स्वास्थ्य समिति की अनुशंसा तथा राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के प्रावधानों के आलोक में जिलाधिकारी, औरंगाबाद द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बारूण में कार्यरत बीसीएम कुसुम कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश निर्गत किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सदर अस्पताल, औरंगाबाद निर्धारित किया गया है।
साथ ही सिविल सर्जन, औरंगाबाद को निर्देशित किया गया है कि संबंधित कर्मी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करना सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं एवं नियुक्ति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा जवाबदेही बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा कदाचार पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।