बरेव गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट, घायल युवक सदर अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। नेमदारगंज थाना क्षेत्र के बरेव गांव में महिला के साथ कथित छेड़खानी के मामले को लेकर बुलाई गई पंचायत के दौरान हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने मो. अमन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसका सिर फट गया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।
मामले को लेकर बरेव गांव निवासी नसीमा खातून ने नेमदारगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार, चार नवंबर की रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान पड़ोस का रहने वाला शमशेर कथित तौर पर घर में घुसकर उनके साथ छेड़खानी करने लगा। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपित ने उनके साथ मारपीट की और छत के रास्ते फरार हो गया।
इस घटना के बाद छह नवंबर को मामले को सुलझाने के लिए ग्रामीणों, सरपंच और मुखिया की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी क्रम में मो. अमन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया, जिससे उनका सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़िता ने प्राथमिकी में पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
इस संबंध में नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शमशेर, नाजिम उद्दीन और अरमान खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।