नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नवादा। दीपावली के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय प्राणपुर, प्रखंड नवादा में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक एवं मनमोहक रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रधानाध्यापिका कुमारी संस्कृति के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंग-बिरंगी रंगोली के माध्यम से दीपावली की खुशियां साझा कीं।
बच्चों द्वारा बनाई गई रंगोली में दीपावली के महत्व के साथ प्रेम, भाईचारा, खुशहाली, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश उकेरा गया। रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। बच्चों की कलात्मक प्रस्तुति ने विद्यालय परिसर को आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका अनु कुमारी, खुशबू कुमारी एवं मंजू देवी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। शिक्षिकाओं ने कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों में कला, कल्पनाशक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। साथ ही त्योहारों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी मिलता है।
इस अवसर पर सोनी कुमारी, निशी शर्मा, श्याम यादव, प्रिया कुमारी, सुगंधी कुमारी, साधना कुमारी, आर्यन कुमार सहित विद्यालय के कई छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।