नवबिहार टाइम्स संवाददाता
खगौल (पटना)। खगौल में वाहन चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए नगर परिषद अध्यक्ष के आवास के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो चोरी कर ली। चोरी गई गाड़ी पर “बिहार सरकार” का बोर्ड लगा हुआ था। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, खगौल नगर परिषद अध्यक्ष सुजीत कुमार एवं नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सुनील कुमार के आवास के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो (नंबर BR01JQ 8619) देर रात चोरी हो गई। बताया गया कि वाहन सुजीत कुमार के बहनोई शंभूनाथ राय के नाम पर पंजीकृत है।
नगर परिषद अध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि सुबह वाहन चोरी होने की जानकारी मिलते ही इसकी सूचना तत्काल खगौल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। साथ ही वाहन की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।