‘लाल गाड़ी’ से पटना-गया रेलखंड में चार घंटे तक चली सघन जांच, टिकट काउंटरों पर उमड़ी यात्रियों की भीड़
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। दानापुर मंडल के पटना-गया रेलखंड पर डुमरी जंक्शन से विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 160 बेटिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे यात्रियों को पकड़ा गया। रेल प्रशासन ने इनसे कुल 89 हजार रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सुबह 6 बजे से 10 बजे तक यह अभियान चलाया गया। अभियान में वाणिज्य विभाग के 19 टीटीई और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन ‘लाल गाड़ी’ के साथ जटडुमरी स्टेशन सहित विभिन्न ट्रेनों में सघन जांच की।
टिकट जांच अभियान की शुरुआत पटना–सिंगरौली पलामू एक्सप्रेस से की गई। इसके बाद लगभग 8 से 10 जोड़ी ट्रेनों, जिनमें 63241 सहित अन्य यात्री ट्रेनों में भी लगातार चार घंटे तक जांच अभियान चलाया गया।
अभियान का प्रभाव पूरे पटना-गया रेलखंड पर देखने को मिला। परसा बाजार, पुनपुन घाट, जटडुमरी, तारेगना और जहानाबाद समेत विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें लगीं। रेल प्रशासन के अनुसार अभियान के दौरान सभी स्टेशनों पर टिकट बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
दानापुर मंडल ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के विरुद्ध ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर और निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने से बचा जा सके।