नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के बालसगरा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना में गिरिडीह के सब-रजिस्ट्रार बलेश्वर पटेल की हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अवकाश के कारण बलेश्वर पटेल अपने पैतृक गांव बालसगरा आए हुए थे। मंगलवार सुबह वे जमीन से जुड़े विवाद के समाधान के लिए खेत पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि उन पर पत्थरों से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण जमीन विवाद माना जा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस घटना से प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर है, वहीं स्थानीय लोगों में भी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।