नवबिहार टाइम्स संवाददाता
हसपुरा (औरंगाबाद)। औरंगाबाद जिले के हसपुरा प्रखंड के चांदी गांव में बुधवार को सर्पदंश की घटना में 41 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान चांदी गांव निवासी जितेंद्र मेहता की पत्नी विनीता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने हसपुरा बाजार में शव रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, विनीता देवी बुधवार सुबह घर के पास गोबर उठाने का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान एक विषैले सर्प ने उन्हें डंस लिया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसपुरा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि गया ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर हसपुरा लौट आए और बाजार में शव रखकर सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही हसपुरा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाकर शांत कराया और जाम समाप्त कराया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।