नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में विधानसभा की विभिन्न समितियों एवं सचिवालय की शाखाओं के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न समितियों के लंबित मामलों, कार्यप्रणाली एवं निष्पादन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में लोक लेखा समिति, सरकारी उपक्रमों से संबंधित समिति, प्राक्कलन समिति, शून्यकाल समिति, याचिका समिति, निवेदन समिति, कारा सुधार समिति, गैर सरकारी संकल्प समिति, बिहार विरासत विकास समिति सहित कई अन्य समितियों एवं शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि लोक लेखा समिति एवं सरकारी उपक्रमों से संबंधित समिति में कई मामले वर्षों से लंबित हैं। अध्यक्ष ने बताया कि 23 विभागों से संबंधित कंडिकाएं अभी भी लोक लेखा समिति में लंबित हैं। उन्होंने अधिकारियों को वित्त विभाग एवं महालेखाकार कार्यालय के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर लंबित कंडिकाओं का निपटारा करने को कहा।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विधानसभा सचिवालय की कार्यप्रणाली को इस प्रकार सुदृढ़ किया जाए कि कोई भी कंडिका लंबित न रहे। उन्होंने शून्यकाल, याचिका, निवेदन, ध्यानाकर्षण एवं गैर सरकारी संकल्प से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जिन विभागों से समय पर जवाब प्राप्त नहीं हो रहे हैं, उन्हें नियमित रूप से स्मार पत्र भेजे जाएं। यदि तीन स्मार पत्र भेजने के बाद भी उत्तर प्राप्त नहीं हो, तो मुख्य सचिव को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण समिति, कारा सुधार समिति, पुस्तकालय समिति, कृषि उद्योग विकास समिति तथा आवास शाखा के कार्यों की भी समीक्षा की गई। आवास शाखा के संबंध में अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि जिन विधायकों ने अब तक आवंटित सरकारी आवास का प्रभार ग्रहण नहीं किया है, उनकी सभी औपचारिकताएं पूरी कराकर जल्द से जल्द आवास का प्रभार दिलाया जाए।
बैठक में विधानसभा सचिवालय के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे और विभिन्न समितियों के कार्यों की प्रगति से अध्यक्ष को अवगत कराया। अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों से समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्यशैली अपनाने पर बल दिया।