नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। राष्ट्रीय हिंदी दैनिक नवबिहार टाइम्स अपने स्थापना के 37 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 4 जुलाई को पटना में भव्य स्थापना दिवस समारोह आयोजित करेगा। इस अवसर पर समाज, शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता, साहित्य, प्रशासन एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही मुंबई, कोलकाता एवं पटना के कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
समारोह का आयोजन शाम 7 बजे से ए.एन. कॉलेज सभागार, बोरिंग रोड, पटना में होगा। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार एवं लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह संयुक्त रूप से उद्घाटनकर्ता तथा मुख्य अतिथि होंगे।
इसके अलावा विधायक प्रमोद कुमार सिंह, त्रिविक्रम नारायण सिंह तथा प्रकाश चंद्रा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।
नवबिहार टाइम्स के प्रधान संपादक डॉ. कमल किशोर ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह केवल अखबार की वर्षगांठ का आयोजन नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने का अवसर भी है। उन्होंने प्रदेश भर के पाठकों, शुभचिंतकों एवं आमंत्रित अतिथियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर समारोह की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।
आयोजकों ने बताया कि समारोह के समापन के बाद सभी अतिथियों के लिए रात्रि भोज की भी व्यवस्था की गई है। समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।