तकनीकी बाधाओं और संसाधनों की कमी से अटका पानी निकालने का काम, खेतों में जलजमाव से फसल नुकसान की बढ़ी आशंका
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। हाथीदह टाल क्षेत्र में जलजमाव से राहत दिलाने के लिए बुडको की ओर से मंगवाया गया पंप दूसरे दिन भी चालू नहीं हो सका। औंटा-सिमरिया छह लेन सड़क पर डबल लेन रेलपुल के क्रॉसओवर के नीचे सड़क किनारे पंप रखा हुआ है, लेकिन तकनीकी बाधाओं और आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण अब तक जलनिकासी शुरू नहीं हो पाई है। इससे जलजमाव से परेशान टाल क्षेत्र के किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पंप से पानी निकालने के लिए उसे सड़क से नीचे गड्ढे में उतारना आवश्यक है। इसके लिए हाइड्रा मशीन की जरूरत है, लेकिन पर्याप्त क्षमता वाला हाइड्रा उपलब्ध नहीं होने के कारण पंप को फिलहाल सड़क पर ही रखकर पाइप जोड़ा गया। सड़क किनारे स्थित गड्ढे तक पानी पहुंचाने के लिए पाइप की लंबाई करीब 70 फीट हो गई है, जबकि पंप की पानी खींचने की अधिकतम क्षमता लगभग 30 फीट बताई जा रही है। ऐसे में मौजूदा व्यवस्था से पानी निकालना संभव नहीं हो पा रहा है।
अब पंप को नीचे उतारने के लिए जेसीबी की मदद से करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बनाने की आवश्यकता बताई जा रही है। लेकिन हाइड्रा मशीन, गड्ढा निर्माण और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर जारी असमंजस के कारण दूसरे दिन भी जलनिकासी का काम शुरू नहीं हो सका।
इधर, औंटा, हाथीदह और मरांची टाल क्षेत्र में खेतों में पानी जमा रहने से किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। जलनिकासी में देरी के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका गहराने लगी है। किसानों को उम्मीद थी कि पंप लगने से जल्द पानी निकासी शुरू होगी, लेकिन लगातार हो रही देरी से उनकी चिंता बढ़ गई है।
किसानों का मानना है कि जलनिकासी में अब और विलंब हुआ तो खेती पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है। ऐसे में बाढ़ अनुमंडल प्रशासन, बुडको और किसान समितियों के बीच समन्वय स्थापित कर तकनीकी बाधाओं को जल्द दूर करने की जरूरत है। टाल क्षेत्र के किसानों के लिए अब प्रत्येक दिन महत्वपूर्ण है। किसानों की नजर इस बात पर टिकी है कि तमाम बाधाओं को दूर कर तीसरे दिन पंप चालू हो पाता है या नहीं और उन्हें जलजमाव से कब राहत मिलती है।