संविधान दिवस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि, प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर लोकतंत्र एवं सामाजिक न्याय के प्रति जताई प्रतिबद्धता
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। संविधान दिवस के अवसर पर धनरुआ प्रखंड के पतरहट पंचायत अंतर्गत मधुवन गांव में भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का शिलालेख स्थापित कर उसका अनावरण किया। इस मौके पर झंडोत्तोलन कर संविधान दिवस मनाया गया। उपस्थित लोगों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करते हुए संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों की सुरक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद प्रस्तावना के शिलालेख के समक्ष झंडोत्तोलन किया गया। आयोजन में भाकपा-माले के स्थानीय पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, बूथ अध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ता, छात्र-नौजवान, मजदूर, किसान और महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के करोड़ों गरीबों, मजदूरों, किसानों, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और वंचित समुदायों के सम्मान, समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का आधार है। संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा, शिक्षा एवं रोजगार, किसानों के अधिकार, महिलाओं की सुरक्षा तथा सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि संविधान बचाने और जनता के हक-अधिकारों की लड़ाई गांव की गलियों से लेकर विधानसभा और संसद तक मजबूती से आगे बढ़ाई जाएगी।
कार्यक्रम में भाकपा-माले जिला कमेटी सदस्य कॉमरेड वीरेंद्र प्रसाद, प्रखंड कमेटी सदस्य एवं खेग्रामस राष्ट्रीय परिषद सदस्य कॉमरेड जितेंद्र राम, कॉमरेड रामजीवन पासवान, कॉमरेड दीपक पासवान, कॉमरेड ज्योतिष्मा कुमारी, राज्य परिषद सदस्य शशि रंजन सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, छात्र-नौजवान, मजदूर, किसान एवं महिलाएं मौजूद रहे।