बेताब अहमद
डेहरी ऑन सोन/रफीगंज। रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे की संपत्ति चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में रफीगंज स्टेशन के कर्षण वितरण (TRD) विभाग के वरीय प्रशाखा अभियंता अमित कुमार समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। टीम ने मौके से करीब 12 लाख 43 हजार 150 रुपये मूल्य की चोरी की रेल संपत्ति, एक पिकअप वैन और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं। 25 नवंबर को RPF को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद महिंद्रा पिकअप BR 01 GJ-6622 पर रफीगंज के TRD विभाग की लाखों की संपत्ति चोरी कर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही डीडीयू के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के निर्देश पर आरपीएफ पोस्ट डेहरी ऑन सोन, अपराध आसूचना शाखा (गया) और रफीगंज पोस्ट की एक संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने संदिग्ध पिकअप का पीछा करते हुए रोहतास जिले के आयरकोठा थाना क्षेत्र स्थित मौडीहा परसांव के पास मंटू उपाध्याय के गोदाम पर छापेमारी की। वहां खड़ी पिकअप वैन और गोदाम के अंदर से भारी मात्रा में रेलवे के उपकरण कैंटिलीवर, इंसुलेटर, स्टेडी आर्म, अर्थ रॉड आदि बरामद किए गए। मौके से पुलिस ने पिकअप चालक शशि कुमार औरंगाबाद, गोदाम स्वामी सुरेंद्र उपाध्याय रोहतास और माल उतारने-चढ़ाने वाले चार मजदूरों उपेंद्र कुमार, उदित कुमार, अजय कुमार और उदय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, मुख्य आरोपी मंटू उपाध्याय मौके से फरार होने में सफल रहा।
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर आरपीएफ की टीम ने रफीगंज स्थित वरीय प्रशाखा अभियंता (TRD) अमित कुमार (निवासी- भोरगांव, जहानाबाद के कार्यालय में छापेमारी की। जांच के दौरान वहां से ओएचई लेजर बुक, इश्यू वाउचर और कई संदिग्ध मैनुअल चालान जब्त किए गए। विभागीय मिलीभगत की पुष्टि होने के बाद आरपीएफ ने इंजीनियर अमित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी सातों आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, वहीं फरार आरोपी मंटू उपाध्याय की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।