नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर स्थित विवेकानंद विजन आइडियल पब्लिक स्कूल में शनिवार को स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में वार्षिक ‘आत्मोदय अभियान’ का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक डॉ. शंभू शरण सिंह, चेयरमैन मनीष वत्स एवं उपप्राचार्या सूची कुमारी ने स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद आयोजित प्रार्थना सभा में स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया।
निदेशक डॉ. शंभू शरण सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद एक महान युगद्रष्टा संत थे, जिनके विचार आज भी समाज, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है तथा उनके साहित्य का अध्ययन सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय परिवार पिछले दो दशकों से स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि को ‘आत्मोदय अभियान’ के रूप में मनाता आ रहा है। अभियान के तहत छात्र-छात्राएं आसपास के क्षेत्रों एवं सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों में जाकर वृक्षारोपण करते हैं और पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, मृदा संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य तथा प्रदूषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक करते हैं।
इस अवसर पर छात्रों के बीच संभाषण, पोस्टर मेकिंग और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
चेयरमैन मनीष वत्स ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का मानना था कि शिक्षा मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है और इसके माध्यम से अनेक समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि विवेकानंद ग्रुप के विद्यालय उनके सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और भूजल स्तर में गिरावट जैसी समस्याओं का समाधान जनभागीदारी से ही संभव है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
उपप्राचार्या सूची कुमारी ने कहा कि निजी स्वार्थ का त्याग ही महानता का मार्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
अंत में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।