नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। थाना क्षेत्र के खरौना मोड़ के पास रविवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान हुए वज्रपात (ठनका) की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बारिश से बचने के लिए सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़े हुए थे, तभी अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों में एक की पहचान खरौना गांव निवासी बबलू कुमार (पिता- रमेश कुमार) के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष बताई जा रही है। वह रमेश कुमार के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार को अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए बबलू कुमार और उनके रिश्तेदार सड़क किनारे स्थित एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ पेड़ पर वज्रपात हुआ और दोनों उसकी चपेट में आ गए। वज्रपात इतना तेज था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर मसौढ़ी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात मृतक की पहचान कराने में जुटी हुई है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बबलू कुमार की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि बबलू मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गांव में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आंधी, बारिश और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले स्थानों पर शरण लेने से बचें। ऐसे मौसम में सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में ही रहें, क्योंकि वज्रपात की घटनाएं जानलेवा साबित हो सकती हैं।