नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भागलपुर। एनटीपीसी कहलगांव में सोमवार को वरिष्ठ अधिकारी रविन्द्र शर्मा ने परियोजना प्रमुख (प्रोजेक्ट हेड) का पदभार ग्रहण किया। उनके पदभार संभालने के साथ ही परियोजना के संचालन, उत्पादन क्षमता और सुरक्षा मानकों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पदभार ग्रहण करने से पूर्व रविन्द्र शर्मा एनटीपीसी की दर्लीपाली परियोजना में संचालन एवं अनुरक्षण (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) विभाग के प्रमुख के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। विद्युत क्षेत्र में करीब 35 वर्षों के समृद्ध अनुभव वाले शर्मा ने अपने लंबे कार्यकाल के दौरान विद्युत अनुरक्षण, विद्युत निर्माण, ईंधन प्रबंधन तथा विद्युत उत्पादन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
अपने व्यावसायिक जीवन में उन्होंने एनटीपीसी की अंटा, झज्जर, झानोर-गांधार, नॉर्थ करनपुरा और दर्लीपाली जैसी प्रमुख परियोजनाओं में विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनकी तकनीकी दक्षता, प्रशासनिक क्षमता और नेतृत्व कौशल के कारण उन्हें संगठन के अनुभवी अधिकारियों में गिना जाता है।
पदभार ग्रहण करने के बाद रविन्द्र शर्मा ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में परियोजना में सुरक्षा मानकों को और मजबूत करना, परिचालन उत्कृष्टता को बढ़ावा देना, विद्युत उत्पादन प्रदर्शन में निरंतर सुधार, पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना तथा कर्मचारियों और स्थानीय समुदायों के समग्र विकास के लिए प्रभावी प्रयास करना शामिल होगा। उन्होंने कहा कि टीम भावना और आधुनिक तकनीक के समन्वय से एनटीपीसी कहलगांव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (ऑपरेशन) मनोरंजन परिदा तथा अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) मनोरंजन सारंगी सहित परियोजना के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।