नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बारून प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक शनिवार को प्रखंड मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष उपेंद्र यादव ने की जबकि संचालन समिति के सचिव सह प्रखंड विकास पदाधिकारी नीरज कुमार ने किया। बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव और सुझाव रखे गए।
बैठक के दौरान धमनी पंचायत के झूमर डिहरा गांव में 440 वोल्ट के जर्जर बिजली तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि पुराने और जर्जर तार तथा पोल कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने अविलंब नए पोल और तार लगाकर बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
सोननगर रेलवे अंडरपास में आम लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी बैठक में छाया रहा। समिति ने कहा कि अंडरपास में जलजमाव और आवागमन की समस्या बनी रहती है, इसलिए वहां फ्लाईओवर निर्माण के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजने की अनुशंसा की गई।
सिंचाई व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव सामने आये। बैठक में कहा गया कि निर्माणाधीन बिशुनपुर कैनाल से मेंह पुल के पूर्व दिशा में लगभग 100 मीटर की दूरी पर पटना कैनाल नहर तक साइफन अथवा पाइप के माध्यम से एक छोटा कनेक्शन दिया जाए। इससे शेखपुरा, शंकरपुर, शोभेखाप, गौरी बिगहा, मंझौली, खजूरी, धमनी गोला सहित सैकड़ों गांवों के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
बिहार सरकार की बालू घाट नीति के तहत प्रतिवर्ष 200 पौधे लगाने के नियम का समुचित पालन नहीं हो रहा है। समिति ने इस मामले की जांच कर नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
बैठक में राशन कार्ड से गरीब परिवारों के नाम हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि कई पात्र लाभार्थियों के नाम गलत तरीके से काट दिए गए हैं। इसकी निष्पक्ष जांच कर वास्तविक गरीबों का नाम पुनः जोड़ा जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
बरसात के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। चिकित्सा पदाधिकारी से पूछा गया कि डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए अब तक क्या-क्या कदम उठाए गए हैं और जागरूकता अभियान की क्या स्थिति है।
बैठक के अंत में अध्यक्ष उपेंद्र यादव ने कहा कि समिति द्वारा उठाए गए सभी जनहित के मुद्दों को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में समिति के उपाध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय, सदस्य विभूति नारायण पांडेय, सुजीत कुमार, पारस सिंह, जितेंद्र सिंह, वीरेंद्र चंद्रवंशी, उदय पटेल, प्रमिला देवी, विजय पासवान, दुर्गेश सिंह, उप प्रमुख प्रभावती देवी सहित बारून प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।