नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। मुख्य डाकघर, धनबाद को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल मिला है, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा मूल ईमेल रांची ब्रांच को किसी ‘मोहम्मद’ नाम के व्यक्ति की आईडी से भेजा गया था। रांची ब्रांच ने बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना तुरंत ईमेल के माध्यम से धनबाद के पोस्टमास्टर को दी। धमकी भरे इस ईमेल में दोपहर ठीक 1:00 बजे डाकघर को उड़ाने का समय दिया गया था। जैसे ही इस संवेदनशील सूचना की भनक डाकघर प्रशासन को लगी, विभाग में हड़कंप मच गया।
धमकी की खबर मिलते ही डाकघर के अधिकारियों ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत पूरे परिसर को खाली कराने का निर्देश दिया। काम कर रहे सभी डाककर्मी और अपने जरूरी कामों से पोस्ट ऑफिस आए आम नागरिक आनन-फानन में बाहर की ओर भागे। इस वक्त पोस्ट ऑफिस के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और मुख्य गेट को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। पुलिस की टीम अंदर गहन सर्च ऑपरेशन चला रही है। राहत की बात यह है कि शुरुआती जांच में अभी तक अंदर से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस कोई भी कोताही बरतने के मूड में नहीं है। चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है।
आपको बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी धनबाद कोर्ट परिसर को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। उस वक्त भी जिला प्रशासन और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खंगाला था, जो बाद में महज एक अफवाह साबित हुई थी। फिलहाल, पुलिस इस धमकी भरे मेल के आईपी एड्रेस और भेजने वाले की शिनाख्त करने में जुट गई है।