तारेगना मुसहरी में छापेमारी, 1.70 किलो गांजा, ब्राउन शुगर, मापक यंत्र और 10,900 रुपये नकद बरामद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना जिले के मसौढ़ी में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने तारेगना मुसहरी में छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 1.70 किलोग्राम गांजा, 0.75 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक मापक यंत्र, इंजेक्शन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और 10,900 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, मसौढ़ी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने सुबह तारेगना मुसहरी में छापेमारी की। तलाशी के दौरान मादक पदार्थों के साथ अन्य सामान बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवकों की पहचान मनीष कुमार (24 वर्ष), पिता अशोक पासवान और सन्नी कुमार (19 वर्ष), पिता विश्वनाथ कुमार, दोनों निवासी तारेगना डीह, थाना मसौढ़ी के रूप में हुई है।
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, छापेमारी में 1.70 किलोग्राम गांजा, 0.75 ग्राम ब्राउन शुगर, एक इलेक्ट्रॉनिक मापक यंत्र, 10 एमएल के दो एविल इंजेक्शन, पांच नीडल और 10,900 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।