नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। धनरूआ थाना पुलिस ने लिफ्ट मांगकर सुनसान स्थान पर बाइक लूटने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दो लूटी गई बाइक भी बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीर बहादुर (25 वर्ष), पिता रविंद्र प्रसाद, निवासी छितरौली, थाना धनरूआ के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि धनरूआ थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा बाइक पर लिफ्ट लेने के बाद चालक को सुनसान जगह पर रोककर बाइक लूट लेने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचक के सहयोग से आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर धनरूआ थाना क्षेत्र से लूटी गई बाइक बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसने तीन-चार दिन पहले कादिरगंज थाना क्षेत्र में भी इसी तरीके से एक अन्य बाइक लूट की घटना को अंजाम दिया था। उस मामले में संबंधित थाने में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने उस बाइक को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से कुल दो लूटी गई बाइक बरामद की गई हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी की अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।