सहयोग शिविर पोर्टल एवं प्राप्त सभी आवेदनों के निष्पादन को लेकर प्रशिक्षण आयोजित
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में “विकसित भारत-समृद्ध बिहार” अंतर्गत आयोजित होने वाले सहयोग शिविर के सफल संचालन हेतु सहयोग शिविर पोर्टल एवं प्राप्त सभी आवेदनों के निष्पादन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उक्त प्रशिक्षण सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों को दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को पोर्टल पर आवेदन प्राप्ति, निबंधन, जांच, अग्रसारण एवं समयबद्ध निष्पादन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर जिला स्तर पर “सहयोग सेल” के गठन की जानकारी भी दी गई। सहयोग सेल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की सतत निगरानी, विभागवार समन्वय एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमतापूर्वक प्राप्त हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने पोर्टल संचालन से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपने प्रश्नों एवं सुझावों को भी साझा किया।
प्रशिक्षण में डीसीएलआर दाउदनगर प्रणव कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्वेता प्रियदर्शी, रितेश कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी ने भाग लिया।