नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। शहर के प्रतिष्ठित मिर्जा गालिब कॉलेज के शासी निकाय में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए अधिवक्ता शकील अहमद खान को सर्वसम्मति से नया सचिव चुना गया है। यह निर्णय 20 जुलाई 2026 की शाम आयोजित शासी निकाय की बैठक में लिया गया।
शकील अहमद खान पेशे से अधिवक्ता हैं और लंबे समय से शासी निकाय के सदस्य के रूप में कॉलेज की गतिविधियों में सक्रिय एवं नि:स्वार्थ भाव से योगदान देते रहे हैं। सचिव चुने जाने के बाद उन्होंने कॉलेज के सर्वांगीण विकास के लिए लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सहयोग से कॉलेज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बताया गया कि पूर्व सचिव डॉ. हफीजुर रहमान खान स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अपने दायित्वों का निर्वहन करने में असमर्थ थे। इसी कारण शासी निकाय ने सर्वसम्मति से शकील अहमद खान को नया सचिव चुना।
शकील अहमद खान के सचिव बनने पर शासी निकाय के सभी सदस्यों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा समाज के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन ने भी उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मिर्जा गालिब कॉलेज विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।